Thursday 23 January 2014

मोदी के सवाल पर शंकराचार्य बोले भाग, पत्रकार को जड़ा तमाचा

www.prativad.com, मोदी के सवाल पर शंकराचार्य बोले भाग, पत्रकार को जड़ा तमाचा
जबलपुर 23 जनवरी 2014। द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती विवादों में घिर गए हैं। शंकराचार्य स्वरूपानंद ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक टीवी चैनल के पत्रकार को तब थप्पड़ जड़ दिया जब उसने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से जुड़ा सवाल पूछा। शंकराचार्य स्वरूपानंद ने ''''भाग'''' बोलते हुए पत्रकार को तमाचा जड़ दिया। घटना दो दिन पहले की है, लेकिन वीडियो अब सामने आया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जैसे कई मशहूर लोग शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य बताए जाते हैं। 
क्या था सवाल और क्या बोले स्वरूपानंद
रिपोर्टर ने स्वरूपानंद से पूछा कि यदि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तो...? इस सवाल का उत्तर देने के बजाय हिंदू धर्मगुरु ने एक थप्पड़ रिपोर्टर को जड़ दिया। थप्पड़ मारकर शंकराचार्य बोले ..फालतू बात करते हैं...उन्होंने कहा कि राजनीति पर बात नहीं करनी है। उधर, शंकराचार्य की इस हरकत की उनके शिष्य अभिमुक्तेश्वरानंद ने बचाव किया है।
राजनीति से है पुराना रिश्ता 
स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती द्वारिका पीठ के 1982 से शंकराचार्य हैं। उनका जन्म 1924 में मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के दिघोरी गांव में हुआ था। 9 साल की उम्र में ही उन्होंने घर छोड़ दिया था। 19 साल की उम्र में उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लिया और दो बार जेल भी गए। स्वामी कृष्णबोधआश्रम के निधन के बाद स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ज्योतिर मठ के शंकराचार्य बने। राजनीति में भी स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की दिलचस्पी रही है। नेहरू को चुनौती देने वाले स्वामी करपात्री जी महाराज ने जब रामराज्य परिषद पार्टी नाम से राजनीतिक पार्टी बनाई तो स्वामी स्वरूपानंद उसके अध्यक्ष बने।  
भाजपा की ओर से कई लोगों ने इसे दुखद व आश्चर्यजनक माना है वहीं पत्रकार जगत में इस की निंदा की जा रही है। भोपाल वर्किंग जनर्लिस्ट यूनियन के अध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप ने इस घटना की निंदा की है, धर्मगुरु शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती द्वारा पत्रकार को थप्पड़ मार कर अपनी धर्मगुरु गरिमा के विपरीत कार्य किया हैं।

No comments:

Post a Comment